पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेशमुद्दा गरम है

सीएम मोहन का शस्त्र और शास्त्र वाला अंदाज, मुख्यमंत्री निवास पर कन्या-शस्त्र पूजन कर दी विजयादशमी की बधाई

भोपाल। मध्य प्रदेश में विजयादशमी का पर्व बेहद जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. राजधानी भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम दिखाते हुए विधि-विधान से कन्या पूजन और शस्त्र पूजन किया. इस दौरान सीएम ने प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई देते हुए एक मजबूत और सुरक्षित समाज का संदेश दिया.
पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है. हमारी सरकार भी जनता के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है. सीएम ने कहा कि हर त्यौहार का अपना एक संदेश होता है. सशस्त्र बलों ने, सेना ने देश का मान.सम्मान बढ़ाने के लिए जो बलिदान दिए हैं, इस दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को एक अलग ताकत दी है. हम सब आज भगवान राम के उस संघर्ष को स्मरण कर रहे हैं, जिन्होंने रावण का वध करके रामराज्य की शुरुआत की थी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सभी त्योहारों को मिलजुल कर शासकीय स्तर पर भी मनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत मंत्रीगण भी जिलों में शस्त्र-पूजन कर रहे हैं साथ ही उन्होंने आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस पर भी सभी स्वयंसेवकों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
तो कुल मिलाकर मध्य प्रदेश में धर्म, संस्कृति और सुरक्षा के इस पावन पर्व पर सीएम मोहन यादव के संदेश ने साफ कर दिया है कि राज्य सरकार जनता के कल्याण और प्रदेश की सुरक्षा के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!