एमपी में सूरज के तीखे तेवर, राजगढ़ में पारा 45 डिग्री पहुंचा, 28 जिलों में लू का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मई के महीने की शुरुआत के साथ ही सूरज ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है और फिलहाल इससे राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
तपती धूप और झुलसाने वाली गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए एक सख्त गाइडलाइन और अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीचए जब धूप का असर सबसे ज्यादा होता हैए बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
रविवार को भट्टी की तरह तपा प्रदेश
बीता रविवार प्रदेशवासियों के लिए बेहद भारी रहा। पूरा मध्य प्रदेश जैसे भट्टी की तरह तप उठा। राज्य के 16 शहर ऐसे रहे, जहां रविवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। इसमें राजगढ़ जिला सबसे गर्म रहाए जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू गया और गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड टूट गए।
इसके अलावा अन्य प्रमुख शहरों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। रतलाम में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री और नौगांव में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुना, श्योपुर, रायसेन और नरसिंहपुर जैसे जिलों में भी लोग भीषण गर्मी और उमस से त्रस्त नजर आए।
इन 28 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज सोमवार प्रदेश के 28 जिलों में तीव्र लू चलने का गंभीर अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मुख्य रूप से शामिल हैं, जिनमें श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर और खंडवा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इन जिलों में पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस या उससे भी पार जा सकता है।
इंदौर, भोपाल और उज्जैन में भी बढ़ेगी तपन
भले ही कुछ जिलों में लू का सीधा अलर्ट न हो, लेकिन राहत वहां भी नहीं है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, आगर मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मऊगंज, सिंगरौली और सीधी जिलों में भी तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा और उमस परेशान करेगी।



