पॉलिटिकल तड़कामध्यप्रदेश

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना ने बदली गांवों की तस्वीर और तकदीर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सीहोर। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना आज देश के गांवों के विकास का आधार बन गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना ने गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है। सडक़ संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। आज गांवों तक सडक़ पहुंचने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा हो रही है, बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना वीआई के अंतर्गत 973 नई सडक़ों तथा पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 168 नई सडक़ों के निर्माण की सौगात मिल रही है, जो मध्यप्रदेश के गांवों के विकास के साथ-साथ मध्यप्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भैरूंदा में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना.वीआई एवं पीएमजनमन योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि सडक़ें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे आर्थिक विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी पहुंचेगी। इन क्षेत्रों में सडक़ संपर्क बेहतर होने से लोगों का जीवन आसान होगा तथा उन्हें रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मप्र में विकास का महायज्ञ: शिवराज
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास का महायज्ञ चल रहा है। मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना.वीआई के शुभारंभ के साथ 973 नई सडक़ों तथा पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 168 नई सडक़ों के निर्माण की सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब बिना घर के नही रहेगा, इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना संचालित की जा रही है। पीएम आवास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. यादव को 2055 करोड़ का स्वीकृति पत्र सौंपा गया है, ताकि सभी गरीबों को अपना पक्का मकान मिल सके। इसके साथ ही मनरेगा योजना के अंतर्गत भी स्वीकृत राशि का पत्र सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि सडक़ों के निर्माण में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर आया है, जो प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की पुरानी सडक़ों को पूर्ण कराने के लिए 18,907 करोड़ रूपये की राशि का आवंटन किया गया हैए इसमें से 830 करोड़ रूपये मध्यप्रदेश को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का अभी सत्यापन नही हुआ है उनका शीघ्र सत्यापन किया जाएगा और सभी किसानों का गेंहू खरीदा जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भी वितरित कीं।
गांवों को मिला उपहार: डॉ. पेम्मासानी
इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉण् चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि 25 दिसंबर वर्ष 2000 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर भारत के गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना का उपहार मिला। श्री अटल बिहारी वाजपेयी का मानना था कि भारत का उदय तब तक संभव नही, जब तक उसके गांवों का उदय नही होगा। उस समय सडक़ों के अभाव में देश के लाखों गांव देश के बांकी हिस्सों से कटे हुए थे। अभी तक प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत देश में 08 लाख 25 हजार किलोमीटर लंबी सडक़ों को मंजूरी मिली है, जिसमें 95 प्रतिशत सडक़ें बनाई जा चुकी हैं। सडक़ों के माध्यम से देश में 01 लाख 60 हजार ग्रामीण बस्तियों को जोड़ा जा चुका है।
कार्यक्रम में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि भैरूंदा में हो रहे इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के जरिये आज प्रदेश को कई नई पक्की सडक़ों की सौगात मिल रही है। प्रदेश में 1763 करोड़ रूपये की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सडक़ों का निर्माण किया जाएगा।
राज्यों के प्रतिनिधियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत सडक़ निर्माण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस उत्कृष्ट कार्य की दो केटेगिरी में मध्यप्रदेश ने 02 बार प्रथम और एक केटेगिरी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट कार्यों की प्रथम केटेगिरी में मध्यप्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रथम केटेगिरी में सम्मान पाने वाले राज्यों में दूसरे स्थान पर राजस्थान तथा तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश शामिल है। इसी प्रकार दूसरी केटेगिरी में प्रथम स्थान पर बिहार, दूसरे स्थान पर मध्यप्रदेश तथा तीसरे स्थान उड़ीसा शामिल हैं। तृतीय केटेगिरी में प्रथम स्थान गुजरात और दूसरा स्थान तमिलनाडु ने प्राप्त किया। ग्रामीण सडक़ों के रख रखाव में प्रथम स्थान उत्तरप्रदेश, दूसरा स्थान बिहार तथा तीसरा स्थान पश्चिम बंगाल ने प्राप्त किया। पीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत ग्रामीण सडक़ों के रखरखाव में दायित्व अवधि के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों में मध्यप्रदेश ने पुन: प्रथम स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर छत्तीसगढ़ तथा तीसरे स्थान पर उत्तरप्रदेश रहा।
1763 करोड़ रुपये से अधिक की सडक़ों का होगा निर्माण
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना. वीआई के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सडक़ों का निर्माण होगा। इन सडक़ों के निर्माण से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सडक़ संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। योजना के तहत सीहोर जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सडक़ों का निर्माण किया जाएगा। इन सडक़ों से जिले की 84 बसाहटें सीधे तौर पर लाभान्वित होंगी। इसी प्रकार पीएमजनमन योजना के अंतर्गत 261 करोड़ से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 सडक़ें बनाई जाएंगी। जिनसे प्रदेश की 168 बसाहटें लाभान्वित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सडक़ संपर्क मिलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान सहित सभी मंत्रियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना प्ट के मॉडल का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने जम्मू कश्मीर, सिक्किम, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, त्रिपुरा सहित अन्य राज्यों में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की उपलब्धियों पर आधारित डिजिटल प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
रोड़ शो में हुआ मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री का भव्य स्वागत
भैरूंदा में कार्यक्रम से पहले हुए रोड़ शो के दौरान विभिन्न मंचों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान का नागरिकों ने अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री ने भी आत्मीयता से नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानीए ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, सीहोर विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजिनियर, सांची विधायक प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, खातेगांव विधायक अशीष शर्मा, कुरवई विधायक हरिसिंह सप्रे, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, रघुनाथ भाटी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत रचना मेवाड़ा, भैंरूदा नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, इछावर नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, कलेक्टर बालागुरू के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!