प्रदेश भर की पुलिस साप्ताहिक कार्रवाई में इस बार भी छाया सीहोर…

सीहोर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे संपत्ति सुरक्षा अभियान के तहत सीहोर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई चोरियों के खुलासे के बीच सीहोर के आष्टा में हुई सराफा चोरी के त्वरित खुलासे की चर्चा पूरे प्रदेश में रही। पुलिस ने विभिन्न जिलों से कुल 37 लाख 40 हजार रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया है।
जिले के आष्टा क्षेत्र अंतर्गत बुधबारा खरी खुंडी स्थित एक सोने-चांदी की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने महज कुछ ही समय में पर्दाफाश कर दिया। दुकान के ही एक कर्मचारी ने विश्वासघात करते हुए लगभग 1 किलो 390 ग्राम चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। आष्टा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य की चांदी शत प्रतिशत बरामद कर ली।
अन्य जिलों में भी पुलिस का प्रहार
पन्ना: रेलवे प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन भवन से चोरी हुई करीब 20 लाख रुपये की इलेक्ट्रिकल सामग्री और केबल पुलिस ने बरामद की।
विदिशा: सिविल लाइन पुलिस ने पिकअप वाहन, मंदिर का मुकुट और बिजली के तार सहित 9ण्20 लाख रुपये का माल जब्त कर दो आरोपियों को जेल भेजा।
शाजापुर: हनुमान मंदिर में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ। 600 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने 4ण्20 लाख रुपये के चांदी के आभूषण और नकद जब्त किए।



