भोपाल में माननीयों की मनमानी…

भोपाल। सरकारी बकाया वसूलने के नियम आम आदमी और खास लोगों के लिए कितने अलग हैं, इसकी बानगी मध्य प्रदेश में साफ नजर आ रही है। गांव में किसान का थोड़ा सा बिजली बिल बकाया हो जाए तो विभाग की टीम तुरंत खेत पर पहुंचकर मोटर और सामान जब्त करने लगती है। लेकिन राजधानी भोपाल में पूर्व मंत्रियों, हारे हुए विधायकों, पूर्व सांसदों, अफसरों और संस्थाओं पर सरकारी बंगलों के किराए व जुर्माने के करीब 10 करोड़ रुपए बकाया हैं और विभाग केवल नोटिस चस्पा करने तक ही सीमित है।
संपदा संचालनालय ने अब तक 23 बकायादारों को नोटिस जारी किए हैं, लेकिन वसूली की कार्रवाई आम आदमी के मामलों जैसी सख्त कहीं दिखाई नहीं देती। कई नेता चुनाव हारने या मंत्री पद जाने के बाद भी आलीशान सरकारी बंगलों का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं।
एक तरफ मासूम की ललकार, दूसरी तरफ नोटिसों का अंबार
सिस्टम के इस दोहरे रवैये की एक मार्मिक तस्वीर नवंबर 2026 में टीकमगढ़ जिले की मोहनगढ़ तहसील के रानीपुरा गांव में सामने आई थी। यहां किसान संजय केवट के खेत का बिजली बिल बकाया होने पर बिजली कंपनी की टीम मोटर जब्त करने पहुंच गई। इस दौरान किसान के मासूम बेटे ने हाथ में बका उठा लिया और रोते हुए कर्मचारियों को बुंदेली में ललकारा, किसी में दम हो तो यह मोटर लेकर जाओ, ये हमारे बाप की है। इस वीडियो ने पूरे प्रदेश में आम किसान की बेबसी को उजागर किया था।
वहीं दूसरी तरफ भोपाल के पॉश इलाकों में सरकारी बंगलों पर लाखों रुपए का किराया और जुर्माना दबाए बैठे रसूखदारों के घरों के बाहर सिर्फ कागजी नोटिस चिपकाए जा रहे हैं। बाकी बकायादारों का हिसाब अभी तैयार ही किया जा रहा है।
किस माननीय पर कितना बकाया, जानिए पूरा हिसाब
पूर्व सीएम स्व. कैलाश जोशी: भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र स्थित सरकारी आवास बी-30 पर करीब 32 लाख रुपए बकाया हैं। फिलहाल यहां उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी रह रहे हैं। छोटे बेटे दीपक जोशी का कहना है कि पिता के निधन के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रकाश भैया की स्थिति देखते हुए कहा था कि वे जब तक चाहें, इस आवास में रह सकते हैं।
मीना सिंह: उमरिया के मानपुर से विधायक रहीं मीना सिंह को शिवराज सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री रहते हुए बी.श्रेणी का बंगला बी.27 मिला था। नई सरकार में मंत्री न बनने के बावजूद वे इसी बंगले में रह रही हैं। संपदा संचालनालय ने उनके बंगले के बाहर दो नोटिस चस्पा किए हैं। 12 नवंबर को जारी नोटिस के अनुसार उन पर 17 लाख 52 हजार रुपए बकाया हैं।
पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया: भिंड की अटेर सीट से 2023 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी पूर्व सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया के 74 बंगला स्थित सरकारी आवास पर करीब 17 लाख रुपए बकाया हैं।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह: रायसेन की सिलवानी सीट से विधायक और शिवराज सरकार में मंत्री रहे रामपाल सिंह को शिवाजी नगर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास बंगला आवंटित हुआ था। इस आवास पर करीब 16 लाख रुपए बकाया हैं।
पूर्व राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन: मप्र से राज्यसभा सांसद रहे एल. मुरुगन संसद सदस्यता और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे चुके हैं, लेकिन 74 बंगला क्षेत्र में उनके नाम आवंटित आवास बी.15 पर करीब 13 लाख रुपए बकाया हैं। हालांकि यहां भाजपा संगठन के एक पदाधिकारी निवास करते हैं।
महेश जोशी: सिविल लाइंस स्थित बंगला नंबर बी.5 महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के नाम से महेश जोशी को आवंटित था। उनके निधन के बाद बेटे ने बंगला खाली कर दिया, लेकिन वर्ष 2015 से की गई गणना के मुताबिक इस आवास पर करीब 30 लाख रुपए किराया और जुर्माना बकाया है।
नरोत्तम और यशोधरा जमा कर चुके हैं रकम
बकायादारों की लंबी फेहरिस्त के बीच कुछ नेताओं ने समय पर रकम चुकाकर मिसाल भी पेश की है। पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने इस बार चुनाव नहीं लड़ा, 45 बंगला स्थित उनके सरकारी आवास पर करीब 9 लाख रुपए बकाया थे, जिसे उन्होंने पूरा चुका दिया। इसी तरह दतिया से चुनाव हारने वाले पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी चार इमली स्थित अपने सरकारी आवास के करीब 9 लाख रुपए उपचुनाव से पहले ही जमा कर दिए थे।



