अवैध उत्खनन पर बड़ा एक्शन, 4 ट्रैक्टर, डंपर और नदी से रेत निकालती पनडुब्बी जब्त

भोपाल। नर्मदापुरम जिले में रेत और खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले के चार अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक ट्रैक्टर लोडर, एक डंपर और नर्मदा नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रही एक पनडुब्बी को जब्त किया है।
इटारसी तहसील के ग्राम होरियापीपर में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं, जिन्हें इटारसी थाने की अभिरक्षा में रखा गया है। इसी तरह माखननगर तहसील के ग्राम रजौन में रेत ले जाती एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर माखननगर थाने में खड़ा कराया गया।
सोहागपुर में लोडर और मोहासा में डंपर जब्त
सोहागपुर तहसील के ग्राम अजबगांव में अवैध रूप से रेत उत्खनन में लगे एक ट्रैक्टर लोडर को पकडक़र सेमरी हरचंद चौकी में रखा गया है। वहींए औद्योगिक क्षेत्र मोहासा में बिना रॉयल्टी के अवैध रूप से मिट्टी, पत्थर और मुरूम का परिवहन कर रहे एक डंपर को खनिज विभाग की टीम ने दबोच लिया।
बाबरी में नर्मदा नदी से रेत निकालती पनडुब्बी जब्त
सबसे बड़ी कार्रवाई सिवनी मालवा तहसील के ग्राम बाबरी में हुई। यहाँ नर्मदा नदी के बीच से अवैध रूप से रेत निकाल रही एक पनडुब्बी को टीम ने जब्त किया। खनिज विभाग की टीम को आता देख मौके पर काम कर रहे मजदूर पनडुब्बी छोडक़र भाग खड़े हुए, जिसके बाद टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
नियम तोडऩे वालों पर दर्ज हुआ केस
इस पूरी कार्रवाई में जिला खनिज अधिकारी दिवेश मरकाम, सहायक खनिज अधिकारी सुचि माथुर, खनिज निरीक्षक बसंत पाटिल, कृष्णकांत परस्ते, गरिमा व अमित चढ़ार और खनिज सिपाही हेमंत राज शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए सभी वाहनों और उपकरणों के खिलाफ मध्य प्रदेश खनिज अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



