खुद को सीनियर अधिकारी बताकर करोड़ों की ठगी करने वाला शातिर रामानुज गुर्जर गिरफ्तार, नोट गिनते तीन वीडियो आए सामने

भोपाल। सरकारी तंत्र में ऊंची पहुंच, कलेक्टर दफ्तर में पहचान और बड़े अफसरों से करीबी का झांसा देकर लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले शातिर ठग रामानुज गुर्जर को गांधी नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार रात हुई गिरफ्तारी के बाद बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस की जांच में अब आरोपी के नोट गिनते हुए तीन वीडियो और उसके पास से मिला भाजपा का सदस्यता कार्ड सामने आया है, जिससे मामले में नए पहलू जुड़ गए हैं।
गांधी नगर पुलिस के अनुसार मूल रूप से नरसिंहगढ़ का रहने वाला रामानुज गुर्जर भोपाल की एयरोसिटी कॉलोनी में पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद सामने आए तीन वीडियो में वह नोटों की गड्डियां गिनता नजर आ रहा है। पुलिस अब यह खंगाल रही है कि ये वीडियो कब के हैं और इनमें दिख रही रकम का किसी शिकायत या ठगी की वारदात से सीधा संबंध है या नहीं। इसके अलावा आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस इस कार्ड की प्रामाणिकता, इसके जारी होने की प्रक्रिया और समय की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सदस्यता कार्ड मिलने से किसी राजनीतिक पद या संरक्षण की पुष्टि नहीं होती।
डॉक्टर से 30 लाख की ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में ठगी की कुल रकम करोड़ों रुपए तक पहुंचने की बात कही जा रही है।
आम्र्स लाइसेंस का झांसा
हालिया शिकायत में आरोपी ने एक फरियादी को कलेक्टर कार्यालय में पहचान का हवाला देकर आम्र्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिलाया। उसने फरियादी से दो बार में 3 लाख रुपए नकद, अलग-अलग किस्तों में 3 लाख रुपए ऑनलाइन और 1 लाख रुपए की डीडी अपने खाते में जमा करा ली। कुल 7 लाख रुपए लेने के बावजूद लाइसेंस नहीं बनवाया।
डॉक्टर और सरपंच बने शिकार
शिकायतों के अनुसार आरोपी ने एक डॉक्टर को प्लॉट दिलाने का लालच देकर करीब 30 लाख रुपए ऐंठ लिए। वहीं कुछ सरपंचों से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर भी रकम वसूलने के मामले सामने आए हैं।
जयपुर में भी फर्जी अधिकारी बनकर मचाया था हडक़ंप
आरोपी का आपराधिक इतिहास 14 साल पुराना निकला है। करीब 2012 में जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में उसने खुद को वरिष्ठ अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ में पदस्थ अफसर बताकर एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल कर ली थी। उस दौरान करीब 5 लाख रुपए लेने के आरोप में जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने नाम और पहचान बदलकर ठगी का धंधा फिर शुरू कर दिया।
शातिर है आरोपी, संपर्कों की हो रही पड़ताल
डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर किस्म का है और नाम व पहचान बदलकर लोगों को शिकार बनाता रहा है। फिलहाल एक मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य शिकायतों की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और भरोसे में लेने के लिए किस तरह का नेटवर्क खड़ा करता था।



