वर्दी समेत नर्मदा में कूदे टीआई आदित्य सेन, डूबती बच्ची को बचाया

भोपाल। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान मंगलवार को नर्मदापुरम जिले में बहादुरी और संवेदनशीलता की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। पिपरिया के सांडिया स्थित सीताराम घाट पर गहरे पानी में डूब रही 12 वर्षीय बच्ची को बचाने के लिए मंगलवारा थाना प्रभारी आदित्य सेन ने बिना वर्दी उतारे ही नर्मदा नदी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरी ओर बांद्राभान मेले में घाट पर प्रसव के बाद होमगार्ड और सिविल डिफेंस के जवानों ने भीड़ के बीच से जच्चा-बच्चा को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
पिपरिया के सांडिया स्थित सीताराम घाट पर मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान 12 साल की एक बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रहे मंगलवारा थाना प्रभारी आदित्य सेन की नजर जैसे ही डूबती बच्ची पर पड़ी, उन्होंने एक पल भी नहीं गंवाया।
अपनी जान और वर्दी की परवाह किए बिना टीआई आदित्य सेन वर्दी में ही नर्मदा नदी में कूद पड़े। उन्होंने तेजी से तैरकर बच्ची तक पहुंच बनाई, उसे सुरक्षित पकड़ा और किनारे तक ले आए। समय रहते टीआई आदित्य सेन की फुर्ती और साहस से 12 वर्षीय बच्ची की जान बच गई। इस बहादुरी के लिए इलाके में टीआई आदित्य सेन की जमकर सराहना हो रही है।
जवानों ने भीड़ के बीच से जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया
कार्तिक पूर्णिमा पर तवा और नर्मदा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में लगे विशाल मेले में मंगलवार को दो लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे थे। इसी भीड़ में बैतूल जिले के कोपालिया गांव की रहने वाली 20 वर्षीय राधा पति प्रमोद काजले भी अपने परिवार के साथ आई थीं। स्नान के दौरान संगम स्थल पर अचानक राधा को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद साथ आई परिवार की महिलाओं ने मौके पर ही सुरक्षित डिलीवरी कराई।
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। प्रभारी कंपनी कमांडर अमृता दीक्षित और शिवराज चौधरी के नेतृत्व में जवान दीवेश शर्मा, अजय यादव, प्रिया यादव, कर्मवीर, प्रेरणा और सिविल डिफेंस के विजेंद्र सरयाम तुरंत मौके पर पहुंचे। जवानों ने जच्चा और नवजात को स्ट्रेचर पर लिटाया, भारी भीड़ के बीच रास्ता बनाते हुए दोनों को नदी पार कराया और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। समय पर मदद मिलने से मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।



