जीतू पटवारी ने स्व. दिलीप पुरी को दी श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों के बच्चों की मुफ्त शिक्षा और गुजरात शराब तस्करी की सीबीआई जांच की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को धार जिले के ग्राम बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश पूरी के सुपुत्र एवं खातेगांव थाना प्रभारी स्वर्गीय दिलीप पूरी के आकस्मिक निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पटवारी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दुख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
दिलीप पूरी को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि स्व. दिलीप पूरी का असमय निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। पुलिसकर्मी दिन-रात, 24 घंटे कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं और कई बार उन्हें नियमित छुट्टियां भी नहीं मिल पातीं। ऐसे में सरकार का कर्तव्य बनता है कि वह उनके परिवारों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करे।
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चों की पूरी शिक्षा नि:शुल्क की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देना ही स्व. दिलीप पूरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिससे पुलिसकर्मियों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
गुजरात अवैध शराब तस्करी की सीबीआई जांच की मांग
प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर हमला बोलते हुए जीतू पटवारी ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और गली-मोहल्लों में खुलेआम डायरी सिस्टम पर अवैध शराब बेची जा रही है। प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण के बिना इतना बड़ा शराब माफिया का नेटवर्क चलना नामुमकिन है।
पटवारी ने विशेष रूप से गुजरात में मध्य प्रदेश से हो रही अवैध शराब की सप्लाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार केवल विजुअल और मीडिया मैनेजमेंट तक सीमित न रहे। उन्होंने मांग की कि गुजरात में अवैध शराब भेजने वाले माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले तंत्र की सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता
इस दौरान पूर्व मंत्री व कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, जिला कांग्रेस प्रभारी रघु परमार, इंदौर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और पूर्व विधायक पांचीलाल मेड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



