जैत पहुंच रहे वीवीआईपी और समर्थक, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी की श्रद्धांजलि सभा आज, कई दिग्गज नेता हो रहे शामिल

सीहोर। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्व. श्रीमती काशीबाई चौहान की स्मृति में आज 5 नवंबर को उनके पैतृक गांव जैत में विशेष श्रद्धांजलि एवं शोक सभा का आयोजन किया जा रहा है। दिवंगत माताजी को नमन करने और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज सुबह से ही जैत में वीवीआईपी, केंद्र व राज्य सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
गौरतलब है कि श्रीमती काशीबाई चौहान का निधन बीते 30 अक्टूबर को हो गया था। उनके देवलोकगमन से राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई थी। आज आयोजित शोक सभा में सम्मिलित होने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता जैत पहुंच रहे हैं।
7 घंटे से अधिक समय जैत में रहेंगे शिवराज सिंह
अपनी माताजी को श्रद्धांजलि देने और आत्मीयजनों से मिलने के लिए स्वयं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी करीब 7 घंटे 45 मिनट तक अपने पैतृक गांव जैत में ही मौजूद रहेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट और भारी तादाद में समर्थकों के आगमन को देखते हुए गांव व आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
चौहान परिवार ने की श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील
इस कठिन और दुखद समय में पूरा चौहान परिवार शोक में डूबा हुआ है। शिवराज सिंह चौहान, साधना चौहान, नरेंद्र सिंह चौहान, अनीता चौहान, महेश पटेल, शशि पटेल, रोहित सिंह चौहान, रश्मि चौहान, वरुण सिंह चौहान, आरुषि चौहान एवं समस्त चौहान परिवार ने सभी स्नेहीजनों और क्षेत्रवासियों से शोक सभा में उपस्थित होकर दिवंगत माताजी को अपनी पुष्पांजलि अर्पित करने का आग्रह किया है।



