एनएच-46 पर भीषण सडक़ हादसा, तेज रफ्तार कार डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में घुसी, मंडीदीप के युवक की मौत, तीन घायल

सीहोर। बुधनी नेशनल हाईवे-46 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। गडरिया नाला ओवरब्रिज के ऊपर एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जा घुसी। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 8 मार्च की शाम करीब 7 बजे की है। मंडीदीप निवासी चार दोस्त अपनी हुंडई अमेज कार से नर्मदापुरम से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गडरिया नाला ओवरब्रिज पर पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण चालक दीपेश शर्मा ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार तेज गति से डिवाइडर से टकराई और उछलकर हाईवे की दूसरी लेन में चली गई।
मनीष की मौत, तीन का इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बुधनी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद मनीष वर्मा निवासी वेदांत कॉलोनी मंडीदीप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। चालक दीपेश शर्मा निवासी बरेली की हालत नाजुक है और वे भोपाल के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं कृष्णकांत वर्मा निवासी बुधनी का मधुबन अस्पताल में उपचाराधीन हैं। देवेंद्र विश्वकर्मा निवासी शीतल सिटी मंडीदीप नर्मदापुरम जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
चालक पर मामला दर्ज
घायल देवेंद्र विश्वकर्मा के बयानों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। देवेंद्र ने बताया कि चालक दीपेश शर्मा कार को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
हाईवे पर घंटों मची रही अफरा तफरी
ओवरब्रिज पर हुए इस हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कार के परखच्चे उडऩे से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी भीषण थी। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को रास्ते से हटवाया और आवागमन सुचारू किया। मामले की विवेचना जारी है।



