केन्द्रीय बजट से पहले सीहोर के किसानों की अनूठी मांग…

भोपाल. एक फरवरी को केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार अपना बजट पेश करने जा रही है. संसद में पेश होने वाले इस बजट को लेकर हर वर्ग की नजरें सरकार की पोटली पर टिकी हैं, लेकिन इस बार बजट की सबसे दिलचस्प तस्वीर सामने आई है केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मध्यप्रदेश स्थित गृह जिले सीहोर से.
सीहोर जिले के ग्राम चंदेरी में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर न तो धरना दिया और न ही नारेबाजी की, इसके उलट किसानों ने ढोलक उठाई हारमोनियम की धुन छेड़ी और मजीरों की थाप पर लोकगीत गाकर सरकार तक अपनी बात पहुंचाई.
किसानों को उम्मीद है कि किसान पुत्र शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार से उन्हें इस बार बहुत कुछ मिलने वाला है. किसानों की मांग है कि खाद, बीज और कृषि यंत्रों पर सब्सिडी के साथ-साथ सिंचाई के लिए बेहतर प्रावधान इस बजट में किए जाएं.
किसानों ने बताया कि हम संगीत के माध्यम से सरकार को याद दिला रहे हैं कि किसान ही देश का आधार है. हमें उम्मीद है कि 1 फरवरी को आने वाला बजट हमारे खेतों में खुशहाली लाएगा और नरेन्द्र मोदी जी हमारे हित में बड़े फैसले लेंगे.
अब देखना होगा कि ढोलक और मजीरों की यह गूंज केन्द्रीय मंत्रालय के गलियारों तक कितनी पहुंचती है और बजट में किसानों की झोली में क्या आता है.



