लाड़ली बहनों के अपमान पर बरसे उमंग सिंघार, कहा- बहनों को धमकाना भाजपा का असली चरित्र

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के विवादित बयान को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मंत्री द्वारा लाड़ली बहनों को दी गई नाम काटने की धमकी को सत्ता का अहंकार और महिला विरोधी मानसिकता का खुला प्रमाण बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निशाना साधते हुए उमंग सिंघार ने लिखा कि लाड़ली बहनों के स्वाभिमान पर चोट करना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मंत्री करण सिंह वर्मा का मंच पर न आने वाली बहनों के नाम काटने की धमकी देना न केवल गैर-जिम्मेदार है, बल्कि यह पद और सत्ता का खुल्लम-खुल्ला दुरुपयोग है।
3000 का वादा और 1500 की हकीकत
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार को चुनावी वादों की याद दिलाते हुए घेरा। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने बहनों को 3000 रुपये देने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन राशि केवल 1500 रुपये पर ही अटक गई। अब जब बहनें अपना हक मांग रही हैं तो उन्हें अपमानित किया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। सिंघार ने सवाल उठाया कि क्या यही भाजपा शासन में महिला सम्मान है।
पुराने वाकयों का दिया हवाला
उमंग सिंघार ने अपने बयान में मंत्री विजय शाह के पिछले विवादित बयानों और देश की बेटी कर्नल सोफिया पर की गई टिप्पणियों का भी जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि संस्कारों की दुहाई देने वाली भाजपा ने तब भी चुप्पी साधी थी और आज भी मौन है। सिंघार के इस हमले के बाद प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है और विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।



