राजस्व मंत्री की लाड़ली बहनों को नाम काटने की धमकी, कांग्रेस ने बताया सत्ता का अहंकार

भोपाल। अपने बेबाक और ठेठ अंदाज के लिए मशहूर प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा एक बार फिर विवादों में हैं। इछावर विधानसभा के ग्राम धामंदा में एक लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मंच से लाड़ली बहनों को चेतावनी भरे लहजे में कह दिया कि यदि वे सरकारी कार्यक्रमों में उपस्थित नहीं हुईं तो योजना से उनके नाम काट दिए जाएंगे।
ग्राम धामंदा में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण अवसर पर बोलते हुए राजस्व मंत्री ने कार्यक्रम में महिलाओं की कम संख्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा धामंदा में 894 लाड़ली बहनों को 1500 रुपये महीना मिल रहा है, लेकिन यहां आई कितनी हैं, अब सीईओ मैडम से बोलेंगे कि एक दिन सबको बुलाओ और जो नहीं आएंगी, उनका नाम काट दिया जाएगा। हम यहां से रिपोर्ट दे देंगे। मंत्री यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से गेहूं भेज रहे हैं और किसानों के खातों में पैसे डाल रहे हैं, लेकिन लोग इसका ध्यान नहीं रखते।
कांग्रेस का तीखा पलटवार
मंत्री के इस बयान पर राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बड़ोलिया ने इसे भाजपा का अहंकार करार दिया है। उन्होंने कहा देखिए किस तरह भाजपा के मंत्री लाड़ली बहनों को धमकी दे रहे हैं। इतना घमंड और अहंकार लेकर कहां जाओगे. यह जनता का पैसा है, भाजपा का नहीं। यही जनता और लाड़ली बहनें आने वाले समय में भाजपा को करारा जवाब देंगी।
करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण
विवाद के बीच मंत्री करण सिंह वर्मा ने ग्राम नापलाखेड़ी में 56.09 लाख की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र और धामंदा में 65 लाख की लागत से बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। नापलाखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सके।



