पॉलिटिकल तड़काप्रशासनमध्यप्रदेश

एमपी में फिर गूंजेगी चीतों की दहाड़, 28 फरवरी को बोत्सवाना से आएंगे 8 नए मेहमान

भोपाल। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीतों का कुनबा और बढ़ा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर यह जानकारी साझा की कि इसी महीने 28 फरवरी को बोत्सवाना से 8 नए चीते मध्यप्रदेश लाए जाएंगे। केंद्र सरकार इस पूरी प्रक्रिया में राज्य को हर संभव सहयोग देगी।
इस मुलाकात के दौरान प्रदेश में पर्यटन विकास और रिजर्व फॉरेस्ट के विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। चीतों के साथ-साथ असम से जंगली भैंसे लाने की प्रक्रिया को लेकर भी बातचीत हुई है, जिससे मध्यप्रदेश के वन्यजीव विविधता में इजाफा होगा।
किसानों और उद्योगों के लिए बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने दिल्ली दौरे में आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास का रोडमैप साझा किया…
गेहूं उपार्जन: केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ हुई बैठक में गेहूं खरीदी, भंडारण और बकाया राशि के भुगतान पर चर्चा हुई। सीएम ने भरोसा जताया कि इस बार भी एमपी अन्य राज्यों की तुलना में अधिक गेहूं खरीदेगा।
टेक्सटाइल और उद्योग: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और पीयूष गोयल से मुलाकात कर प्रदेश में नए वस्त्र उद्योग लगाने और निवेश बढ़ाने पर सहमति बनी।
रेलवे: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर प्रदेश की रेल परियोजनाओं को गति देने का आग्रह किया गया।
संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट
विकास कार्यों के साथ-साथ दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज रही। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्रीय नेतृत्व के साथ नए प्रदेश संगठन महामंत्री के नाम पर चर्चा की। वर्तमान में यह प्रभार अजय जामवाल के पास है, लेकिन जल्द ही स्थायी नियुक्ति की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश में आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर भी हाईकमान के साथ मंथन किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us