सुप्रीम कोर्ट की दोटूक, मंत्री विजय शाह पर चलेगा मुकदमा, ऑनलाइन माफी नामंजूर

भोपाल. मध्य प्रदेश के कद्दावर मंत्री विजय शाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. महिला कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है.
सोमवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने विजय शाह की ऑनलाइन माफी को सिरे से खारिज कर दिया. सीजेआई सूर्यकांत की बेंच ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि माफी मांगने में अब बहुत देर हो चुकी है. कोर्ट ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की रिपोर्ट आने के बावजूद राज्य सरकार महीनों से हाथ पर हाथ धरे बैठी है.
यह है मामला
बता दें पिछले साल महू के रायकुंडा में मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कर्नल सोफिया कुरैशी पर जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी. उनके इस बयान से न केवल सेना का अपमान हुआ, बल्कि महिला अस्मिता पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए.
सुप्रीम कोर्ट का अल्टीमेटम
अदालत ने मध्य प्रदेश सरकार को 2 हफ्ते का समय दिया है. कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सरकार तय करे कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देनी है या नहीं. अब सबकी नजरें मोहन सरकार पर टिकी हैं, क्या सरकार अपने मंत्री को बचाएगी या कोर्ट के आगे कानून अपना काम करेगा.



