दादा बने शिवराज सिंह चौहान, गायत्री मंत्र के साथ किया ‘पोती’ का स्वागत

भोपाल। देश के कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के चहेते मामा शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों का महायोग बना है। बुधवार को शिवराज सिंह के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान पिता बन गए हैं। उनके घर एक नन्हीं लाडली लक्ष्मी का जन्म हुआ है। दादा बनने की खुशी शिवराज सिंह के चेहरे पर साफ झलक रही थी, जिसका एक भावुक नजारा अस्पताल में भी देखने को मिला।
गायत्री मंत्र से किया ‘इला’ का अभिनंदन
अस्पताल स्टॉफ द्वारा जब नन्हीं परी को बाहर लाया गया तो मामा शिवराज सिंह चौहान भक्तिभाव में डूबकर गायत्री मंत्र का उच्चारण करते हुए अपनी पोती का स्वागत किया।
भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।
पवित्र मंत्रोच्चार के साथ दादा शिवराज ने अपनी पोती, जिसका नाम इला रखा गया है, के मंगल भविष्य की कामना की।
सोशल मीडिया पर साझा की भावनाएं, स्वागतम लक्ष्मी
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर इस सुखद समाचार को साझा करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई हैं। कार्तिकेय पिता बन गए, अमानत मां। कोकिला अब दादी जी हैं और मैं दादा। उन्होंने परिवार के हर सदस्य की नई भूमिका का जिक्र करते हुए खुशी जाहिर की कि साल 2025 में दो बहुओं अमानत और ऋद्धि के रूप में घर में बेटियां आईं और अब 2026 की शुरुआत में ही पोती के रूप में लक्ष्मी का शुभ आगमन हुआ है।



