पॉलिटिकल तड़काप्रशासन

सीहोर के कांग्रेस नेता ने मांगी ‘पेन ड्राइव’…

सीहोर। जिला मुख्यालय पर हाल ही में आयोजित दिशा की बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रशासन को पेन ड्राइव सौंपे जाने की बात सामने आई थी। अब यह पेन ड्राइव जले की राजनीति का केंद्र बन गई है। इस पेन ड्राइव में आखिर क्या है, इसे लेकर कयासों का बाजार गर्म है। अब इस मामले में कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए सूचना के अधिकार के तहत उस पेन ड्राइव की कॉपी मांग ली है।
बता दें बीते दिनों सीहोर में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति दिशा की महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रशासन के आला अधिकारियों को एक पेन ड्राइव सौंपी जाने की बात कही जा रही थी। चर्चा है कि इस पेन ड्राइव में जिले के विकास कार्यों, भ्रष्टाचार या किसी अन्य महत्वपूर्ण विषय से जुड़े दस्तावेज या सबूत हो सकते हैं। यह खबर अगले दिन प्रमुख समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में इस पेन ड्राइव को लेकर उत्सुकता बढ़ गई।
कांग्रेस नेता ने दागा आरटीई का बाण
सीहोर के मुखर कांग्रेस नेता पवन राठौर ने अब इस मामले को नया मोड़ दे दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन के समक्ष सूचना के अधिकार के तहत आवेदन पेश किया है। राठौर ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से उस पेन ड्राइव की सामग्री की मांग की है जो केंद्रीय मंत्री द्वारा बैठक में दी गई थी।
पवन राठौर का कहना है कि जब सार्वजनिक बैठक में केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रशासन को कोई दस्तावेज या डिजिटल डेटा सौंपा जाता है तो जनता को यह जानने का पूरा हक है कि उसमें क्या है। यदि वह जनता के हित से जुड़ी है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
प्रशासन में हलचल
कांग्रेस की इस सक्रियता ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी सोच में डाल दिया है। आमतौर पर सरकारी बैठकों में डेटा साझा किया जाता है, लेकिन केंद्रीय मंत्री के हाथों सौंपी गई इस पेन ड्राइव को लेकर जिस तरह की गोपनीयता बनी हुई है, उसने विपक्षी दल को हमला करने का मौका दे दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस आरटीई का क्या जवाब देता है और क्या उस पेन ड्राइव का राज खुल पाता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us