इछावर फूड पाइजिंग, निशाने पर सीहोर के दुकानदार…

सीहोर। इछावर के ग्राम बावडिय़ा नौआबाद में हुए भीषण फूड पॉइजनिंग कांड के बाद अब प्रशासन की सुई मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाले बड़े केंद्रों की ओर घूम गई है। विवाह समारोह में परोसी गई मिठाई को लेकर आशंका जताई जा रही है कि इसमें इस्तेमाल किया गया मावा या अन्य सामग्री सीहोर शहर की किसी प्रतिष्ठित दुकान से मंगवाई गई थी। अब खाद्य विभाग यह पता लगाने में जुट गया है कि आखिर वह खेप किस दुकान से आई थी।
बता दें बुधवार रात करीब 200 लोगों के बीमार होने के बाद एसडीएम और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रात में ही शादी के खाने के सैंपल लिए थे। सूत्रों के अनुसार प्रीतिभोज के लिए मावा और पनीर जैसी सामग्री सीहोर शहर के बाजारों से खरीदी गई थी। विभाग अब उन बिलों और ठिकानों की पड़ताल कर रहा है, जहां से यह सामान सप्लाई हुआ था। यदि सैंपल्स में मिलावट या पुराने स्टॉक की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदार पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होना तय है।
खाद्य विभाग की रडार पर मिलावटखोर
इछावर में मचे हाहाकार के बाद जिले का खाद्य विभाग अब एक्शन मोड में है। अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद कई दुकानदार बिना उचित कोल्ड स्टोरेज के डेयरी उत्पाद बेच रहे हैं। विभाग की टीम अब न केवल शादी के नमूनों की जांच कर रही है, बल्कि सीहोर शहर की उन संभावित दुकानों पर भी छापेमारी की तैयारी में है जहां से बल्क में सप्लाई दी गई थी।
होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि भोजन में घातक बैक्टीरिया या हानिकारक मिलावट पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा।


