भोपाल जिला कोर्ट में हाई वोल्टेज ड्रामा, 11वीं की छात्रा से दरिंदगी करने वाले आरोपी की वकीलों ने की धुनाई

भोपाल। राजधानी के जिला कोर्ट परिसर में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब वकीलों ने दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के एक आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। आरोपी ओसाफ अली खान को कोहेफिजा पुलिस पेशी के लिए कोर्ट लेकर आई थी, लेकिन जैसे ही वह वकीलों की नजर में आया, उनका गुस्सा फूट पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और वकीलों के बीच तीखी झूमाझटकी हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
मामला शाहपुरा स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल की 11वीं की छात्रा से जुड़ा है। कोहेफिजा पुलिस के मुताबिक आरोपी ओसाफ छात्रा की एक सहेली के जरिए उससे मिला था। पिछले साल जुलाई में वह छात्रा को घुमाने के बहाने खानूगांव के सुनसान इलाके में ले गया और कार के भीतर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया।
वीडियो बनाकर मांगे 1 लाख रुपये
आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान छिपकर छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख रुपये की मांग करने लगा। डरी-सहमी छात्रा ने किसी तरह 40 हजार रुपये दिए, लेकिन आरोपी की हवस और लालच कम नहीं हुआ। जब छात्रा ने उसे ब्लॉक कर दिया तो आरोपी ने वह वीडियो छात्रा के दोस्तों को दिखा दिया।
धर्मांतरण और नमाज पढऩे का भी बनाया दबाव
पीडि़ता ने पुलिस को दिए बयान में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। छात्रा का आरोप है कि ओसाफ उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डालता था और जबरन धार्मिक दुआएं पढ़वाता था। इस मामले में हिंदू संगठनों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोचा। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
कोर्ट में भारी हंगामा, कामकाज हुआ प्रभावित
जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर कोर्ट पहुंची, वहां मौजूद वकीलों की भीड़ ने उसे घेर लिया। वकीलों का कहना था कि ऐसे जघन्य अपराधी के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। हंगामे और धक्का-मुक्की के कारण कुछ देर के लिए कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ।



