इंदौर के जहरीले पानी पर सियासत तेज, पीडि़तों के बीच पहुंचे राहुल गांधी, भोपाल में कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास

भोपाल. मध्य प्रदेश में दूषित जल से हुई मौतों के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज खुद मोर्चा संभालने इंदौर पहुंचे हैं. एक तरफ राहुल गांधी पीडि़तों के आंसू पोंछ रहे हैं तो दूसरी तरफ भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी एक दिवसीय उपवास शुरू हो गया है.
राहुल गांधी इंदौर पहुंचते ही सबसे पहले बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे. यहाँ उन्होंने दूषित जल के कारण भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की. इसके बाद वे पैदल ही प्रभावित इलाके भागीरथपुरा की गलियों में पहुंचे. राहुल गांधी ने गीता बाई और जीवनलाल के पीडि़त परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया.
इस दौरान राहुल गांधी ने पीडि़तों परिवारों को एक-एक लाख रुपये और मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 50 हजार रुपये के चेक सौंपे. उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रभारी हरीश चौधरी समेत कांग्रेस के तमाम दिग्गज मौजूद रहे.
इधर राजधानी भोपाल के जवाहर चौक पर कांग्रेस का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन जारी है. प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ता एक दिवसीय उपवास कर रहे हैं. कांग्रेस की मांग है कि मृतक परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए साथ ही उन्होंने नैतिकता के आधार पर नगर निगम महापौर और नगरीय प्रशासन मंत्री के इस्तीफे की मांग भी बुलंद की है.
बता दें राहुल गांधी का यह दौरा और कांग्रेस का उपवास साफ संकेत दे रहा है कि पार्टी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोडऩा चाहती. अब देखना होगा कि सरकार इस राजनीतिक दबाव और मुआवजे की मांग पर क्या कदम उठाती है.



