आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ में छात्रों को सफलता का मंत्र देंगे पीएम मोदी

भोपाल। बोर्ड परीक्षाओं की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को देश भर के लाखों छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ परीक्षा पे चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सुबह 10 बजे से होगा। पीएम मोदी का उद्देश्य छात्रों के मन से परीक्षा का डर निकालकर उन्हें तनावमुक्त रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना है।
इस कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश में खास उत्साह है। राज्य के 24 लाख से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस चर्चा से जुड़ेंगे। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में इसके लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। मुख्य आयोजन राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। जिसमें स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा में छात्राओं के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
क्या है परीक्षा पे चर्चा
यह इस कार्यक्रम का नौवां संस्करण है, जिसकी शुरुआत साल 2018 में हुई थी। प्रधानमंत्री इस मंच के जरिए सीधे छात्रों के सवालों के जवाब देते हैं और उन्हें एग्जाम वॉरियर बनने के टिप्स देते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि इस आयोजन को एक उत्सव की तरह मनाया जाए ताकि छात्र दबाव महसूस करने के बजाय उत्साह के साथ परीक्षाओं का सामना कर सकें।



