लोग बोले, ‘शिवराज की बुधनी’ को ऐसे ही सिंगम की जरुरत…

सीहोर। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र बुधनी विधानसभा में एक प्रशासनिक अधिकारी के तेवरों की जमकर चर्चा हो रही है। रेहटी के नायब तहसीलदार युगविजय यादव ने अपने सिंघम अवतार से रेत माफियाओं की नींद उड़ा दी है। मंगलवार की रात नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ नर्मदा के घाटों पर डटे रहे, जिसे देखकर स्थानीय लोग कह उठे कि बुधनी को वाकई ऐसे ही ईमानदार और निडर अफसर की जरूरत थी।
लंबे समय से मिल रही अवैध उत्खनन की शिकायतों के बाद नायब तहसीलदार युगविजय यादव और पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ बाबरी घाट पर अचानक धावा बोल दिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय और तेज थी कि माफियाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रात के सन्नाटे में जब लोग घरों में सो रहे थे, तब रात 10.30 बजे नायब तहसीलदार युगविजय यादव खुद नर्मदा नदी के बीचों-बीच उतरकर रेत निकालने वाली अवैध पनडुब्बियों को जब्त करने में जुटे रहे।
डेढ़ दर्जन पनडुब्बियां जब्त, माफियाओं में हडक़ंप
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम ने मौके से करीब डेढ़ दर्जन पनडुब्बियां पकड़ी हैं, जो नदी का सीना छलनी कर अवैध रूप से रेत निकाल रही थीं। कुछ पनडुब्बियों को सुरक्षित निकालकर रेहटी थाने भिजवा दिया गया था, जबकि अन्य को निकालने का संघर्ष जारी रहा।
जनता में सबसे ज्यादा चर्चा
बुधनी विधानसभा में इस समय नायब तहसीलदार युगविजय यादव के कार्य की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। लोग सोशल सार्वजनिक स्थानों पर उनकी कार्यशैली की प्रशंसा कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वीआईपी क्षेत्र होने के बावजूद जिस निडरता से उन्होंने देर रात तक मोर्चा संभाला, वह मिसाल है। लोगों ने स्पष्ट कहा कि शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र में प्राकृतिक संपदा को बचाने के लिए युगविजय जैसे नायब तहसीलदार ही चाहिए।



