भोपाल के पास बड़ा ट्रेन हादसा!

भोपाल। राजधानी के नजदीक सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब सूचना मिली कि एक यात्री ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। देखते ही देखते मौके पर एम्बुलेंस, एनडीआरएफ और रेलवे की राहत टीमें पहुंच गईं। हालांकि बाद में पता चला कि यह रेलवे द्वारा अपनी तैयारियों को परखने के लिए की गई एक मॉक ड्रिल थी।
सुबह ठीक 11 बजे स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को हादसे की जानकारी दी। नजारा बिल्कुल असली हादसे जैसा था, ट्रेन के कोच एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे और अंदर यात्री फंसे थे। बचाव दल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़े और गैस कटर की मदद से बोगियों के दरवाजे और छत को काटकर रास्ता बनाया। सीढिय़ों के जरिए फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।
एयरबैग से बचाई गई जान
इस ड्रिल के दौरान तकनीक का भी पूरा इस्तेमाल किया गया। बोगी के नीचे फंसे यात्रियों को निकालने के लिए विशेष एयरबैग का उपयोग किया गया। बाहर निकालते ही रेलवे की मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अभ्यास
इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी खुद भोपाल मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अगर कभी असल में ऐसी स्थिति बने तो कम से कम समय में ज्यादा से ज्यादा जानें कैसे बचाई जा सकें। मौके पर रेलवे अस्पताल का स्टाफ और भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।



