कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा, पुतला दहन में झुलसे सब इंस्पेक्टर, हालत गंभीर

भोपाल। मध्य प्रदेश के मैहर में गुरुवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलाउद्दीन तिराहे पर पुतला दहन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लापरवाही के कारण ड्यूटी पर तैनात यातायात प्रभारी विक्रम पाठक आग की लपटों की चपेट में आ गए। पुलिसकर्मी की वर्दी में आग लगने का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे देख लोग सहम गए। घायल अधिकारी को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ता विभिन्न मुद्दों को लेकर सडक़ पर उतरे थे। प्रदर्शन के मुख्य कारण थे, जिनमें इंदौर जल कांड, दूषित पानी से हुई मौतें। कफ सिरप मामला में दवाओं से बच्चों की मौत पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का विरोध। कर्नल सूफिया कुरैशी के मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ आक्रोश। विधानसभा में कैलाश विजयवर्गीय द्वारा उमंग सिंघार को औकात में रहने की धमकी का विरोध।
देखते ही देखते आग का गोला बने अधिकारी
दोपहर करीब 12 बजे जब कार्यकर्ता अलाउद्दीन तिराहे पर पुतला फूंक रहे थे, तभी आग की एक चिंगारी वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर विक्रम पाठक की वर्दी पर जा गिरी। ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और अधिकारी लपटों से घिर गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आनन फानन में आग बुझाई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अवधेश प्रताप सिंह घायल अधिकारी का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने की कोशिश में हमारे अधिकारी झुलस गए हैं। यह गंभीर लापरवाही है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।



