मध्यप्रदेश

लाल परेड मैदान में ‘बीटिंग द रिट्रीट’ के साथ गणतंत्र दिवस का भव्य समापन

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक और गरिमामयी समापन गुरुवार शाम ऐतिहासिक बीटिंग द रिट्रीट समारोह के साथ हुआ। जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रभक्ति के गीतों और सैन्य बैंड की जुगलबंदी ने पूरे वातावरण को उत्साह और गौरव से भर दिया।
उल्लेखनीय है कि बीटिंग द रिट्रीट सैन्य और अर्धसैनिक बलों की सदियों पुरानी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली के विजय चौक के अलावा भोपाल देश का एकमात्र ऐसा स्थान है जहां इस स्तर पर ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया जाता है।
फिल्मी गानों और देशभक्ति धुनों का अनूठा संगम
समारोह में मध्यप्रदेश पुलिस और आर्मी ब्रास बैंड के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। इसके बाद पुलिस बैंड ने मेरे देश की धरती, संदेशे आते हैं और ये देश है वीर जवानों का जैसे देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया। वहीं तेरी झलक अशर्फी और ये शाम मस्तानी जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों की धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आकर्षण का केंद्र, महिला टुकड़ी और आतिशबाजी
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस और आर्मी बैंड ने संयुक्त मार्च पास्ट किया। ड्रम रोल की प्रस्तुति ने दर्शकों के बीच रोमांच भर दिया।
ध्वज अवरोहण: सूर्यास्त के समय उप निरीक्षक सुनीति सिंह के नेतृत्व में महिला टुकड़ी ने ससम्मान राष्ट्रीय ध्वज उतारा।
भव्य समापन: सारे जहां से अच्छा की धुन और राष्ट्रगान के साथ आसमान रंगीन रोशनी और आतिशबाजी से नहा उठा।
इस अवसर पर महापौर मालती राय, मुख्य सचिव अनुराग जैन और पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित सेना एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us