भोपाल की सडक़ों पर ‘बंदी’ बने मंत्री विजय शाह!

भोपाल। सोफिया कुरैशी मामले में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के खिलाफ कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद राजधानी भोपाल की सडक़ों पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध का एक अनोखा और तीखा तरीका अपनाते हुए मंत्री विजय शाह के प्रतीक बने एक व्यक्ति के हाथों में हथकड़ी और बेडिय़ां डालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी उसे ‘गिरफ्तार’ कर हबीबगंज थाने ले जाने पर अड़े रहे।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जमा हुए कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को प्रतीकात्मक रूप से मंत्री विजय शाह बनाया और उसके हाथों में लोहे की हथकडिय़ां डाल दीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे बीच सडक़ पर किसी बंदी की तरह चलाया। यह विरोध प्रदर्शन हाई कोर्ट के उस बयान के बाद किया गया, जिसमें कोर्ट ने कहा था कि ष्माफी मांगने में मंत्री ने बहुत देरी कर दी है।
डायल 100 नहीं आई तो खुद ही ले गए चौकी
प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प स्थिति तब बनी जब कांग्रेस कार्यकर्ता ‘प्रतीकात्मक मंत्री’ को हबीबगंज थाने ले जाने के लिए पुलिस वाहन का इंतजार करने लगे। काफी देर तक जब पुलिस की डायल 100 या कोई अन्य वाहन नहीं पहुंचा तो कार्यकर्ता खुद ही उस व्यक्ति को खींचते हुए 5 नंबर स्थित पुलिस चौकी ले गए। वहां कार्यकर्ताओं ने उसे प्रतीकात्मक रूप से चौकी के अंदर बंद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मंत्री पद से हटाने की मांग, दी चेतावनी
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अमित शर्मा ने इस दौरान सरकार को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि मंत्री विजय शाह ने न केवल अमर्यादित आचरण किया है, बल्कि कोर्ट की नजर में भी वे देरी कर चुके हैं। अमित शर्मा ने मांग की है कि उन्हें तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अगला कदम मुख्यमंत्री निवास का घेराव और मंत्री के घर के सामने अनिश्चितकालीन धरना होगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



