धर्म और आस्थामध्यप्रदेश

महाकाल मंदिर में डिजिटल क्रांति, अब संध्या और शयन आरती की बुकिंग भी होगी ऑनलाइन

भोपाल। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब बाबा महाकाल की संध्या आरती और शयन आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को लंबी लाइनों या सिफारिशों की जरूरत नहीं होगी। समिति ने इन दोनों आरतियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है।
श्रद्धालु अब केवल मंदिर की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से अपनी बुकिंग सुरक्षित कर सकेंगे। संध्या आरती की बुकिंग प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। जबकि शयन आरती की बुकिंग प्रतिदिन शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी।
शुल्क और प्रवेश के नियम
मंदिर समिति के अनुसार दोनों आरतियों के लिए प्रति श्रद्धालु 250 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है जो शीघ्र दर्शन टिकट के समान है। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। आरतियों के लिए प्रवेश गेट नंबर 1 से दिया जाएगा। संध्या आरती के लिए शाम 6 बजे तक और शयन आरती के लिए रात 10 बजे तक प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
चलित दर्शन रहेंगे जारी
आरती के निर्धारित समय के दौरान चलित दर्शन की व्यवस्था भी निरंतर चलती रहेगी। इससे आम श्रद्धालु जो आरती में नहीं बैठ पा रहे हैं, वे भी सुव्यवस्थित रूप से कतार में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन का लाभ ले सकेंगे।
पारदर्शिता पर फोकस
मंदिर प्रबंध समिति का कहना है कि इस डिजिटल विस्तार का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों को खत्म करना और श्रद्धालुओं के लिए एक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि देश-दुनिया से आने वाले भक्त आसानी से आरती का हिस्सा बन सकें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us