बीजेपी विधायक का आधी रात को थाने पर छापा…

भोपाल। अपनी कार्यशैली और सख्त तेवरों के लिए मशहूर सिरोंज-लटेरी क्षेत्र के भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात विधायक अचानक आनंदपुर थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। रात करीब 2.30 बजे जब विधायक थाने के भीतर दाखिल हुए तो वहां का नजारा देख वह दंग रह गए। विधायक का दावा है कि सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पूरी पुलिस टीम ड्यूटी के बजाय चैन की नींद सो रही थी।
बताया जा रहा है कि आनंदपुर क्षेत्र के व्यापारी और नागरिक पिछले काफी समय से विधायक से शिकायत कर रहे थे कि क्षेत्र में रात्रि गश्त नहीं होती है, जिससे चोरी का डर बना रहता है। विधायक ने थानेदार और पुलिस के आला अधिकारियों को भी इस संबंध में निर्देश दिए थे, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। हकीकत जानने के लिए विधायक खुद रात के सन्नाटे में थाने की पड़ताल करने निकले थे।
सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
थाने की बदहाली और पुलिसकर्मियों की लापरवाही देखकर विधायक उमाकांत शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा आज मैंने रात 2.30 से 3.00 बजे तक आनंदपुर थाने की रात्रि गश्त और चौकीदारी व्यवस्था को देखा, जो पूरी तरह खराब मिली। व्यापारी बार-बार गश्त सुधारने का आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी व्यवस्था न सुधरना बेहद गलत है।
अधिकारियों से की शिकायत
विधायक ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने साफ कहा कि जनता के हित में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने एसपी और अन्य उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले दोषियों पर तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाए।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बना औचक निरीक्षण
सत्ताधारी दल के विधायक द्वारा अपनी ही सरकार के पुलिस महकमे की पोल खोलने के बाद जिले में हडक़ंप मच गया है। लोग विधायक के इस कदम की सराहना कर रहे हैं, वहीं पुलिस विभाग में अब हडक़ंप की स्थिति है।



