प्रशासनमध्यप्रदेश

एमपी में बड़ी प्रशासनिक ‘सर्जरी’, मनीष सिंह फिर बने जनसंपर्क कमिश्नर, रात 2 बजे बदले 15 अफसर

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की आधी रात प्रशासन के गलियारों में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस मिडनाइट सर्जरी में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव जनसंपर्क विभाग में हुआ है, जहां कडक़ कार्यशैली के लिए मशहूर मनीष सिंह की एक बार फिर वापसी हुई है।
प्रशासनिक हलकों में इस लिस्ट का सबसे चौंकाने वाला और अहम नाम मनीष सिंह का है। सरकार ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से जनसंपर्क आयुक्त की कमान सौंपी है। इसके साथ ही वे परिवहन विभाग में सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। माना जा रहा है कि सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और विभाग में कसावट लाने के उद्देश्य से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य और आबकारी में भी बड़ा उलटफेर
तबादला सूची के अनुसार अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा दिया गया है, जबकि संदीप यादव को उनकी जगह पदस्थ किया गया है। वहीं नई आबकारी नीति के ठीक पहले दीपक सक्सेना को प्रदेश का नया आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है। पूर्व आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल को अब प्रबंध संचालकए राज्य सहकारी विपणन संघ बनाया गया है।
इन अधिकारियों की भी बदली भूमिका
उमाशंकर भार्गव: राजभवन से वापसी के बाद अब संचालक, किसान कल्याण एवं कृषि विकास बनाए गए।
अजय गुप्ता: एमडीए पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर।
सुनील दुबे: राज्यपाल के उप सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
संघमित्रा गौतम: सीईओ, जिला पंचायत आलीराजपुर।
मैदानी स्तर पर भी बदलाव
सरकार ने तीन अपर कलेक्टरों को पदोन्नत करते हुए अलग-अलग जिलों में जिला पंचायत सीईओ के रूप में मैदानी कमान सौंपी है। रात 2 बजे जारी हुई इस लिस्ट ने यह साफ कर दिया है कि सरकार आगामी समय में प्रशासनिक कसावट और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बेहद गंभीर है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us