एमपी पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ 15 दिनों में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर स्ट्राइक

भोपाल। मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को पुख्ता करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले दो हफ्तों में प्रदेश भर में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने 34 अवैध हथियार, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और हथियार बनाने वाली मशीनों को जब्त किया है। इस अभियान का उद्देश्य अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वालों पर नकेल कसना है।
पुलिस को सबसे बड़ी कामयाबी शिवपुरी के करैरा क्षेत्र में मिली, जहां अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री धधक रही थी। पुलिस ने दबिश देकर न केवल 7 बने हुए हथियार जब्त किए, बल्कि हथियार बनाने की मशीनें और औजार भी बरामद किए हैं। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बड़वानी में पकड़ा अंतरराज्यीय गिरोह
बड़वानी की जुलवानिया पुलिस ने महाराष्ट्र से चोरी कर लौट रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को दबोचा है। इनके पास से 5 हथियार, कारतूस और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्वालियर एसटीएफ की कार्रवाई
ग्वालियर एसटीएफ ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शिवपुरी इलाके से दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 पिस्टल और जिंदा राउंड मिले हैं। ग्वालियर के साथ-साथ दतिया, छतरपुर, मुरैना और उज्जैन जैसे जिलों में भी पुलिस ने कट्टे और पिस्टल जब्त कर दहशतगर्दों को सलाखों के पीछे भेजा है।
दहशत फैलाने वालों की खैर नहीं
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अवैध हथियारों के विरुद्ध यह अभियान जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर हवाई फायरिंग कर रसूख दिखाने वाले बदमाशों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि हथियारों की तस्करी और निर्माण में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



