दुर्घटनापुलिस बुक

सीएम हाउस के पास तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूली भाई-बहन को रौंदा, भाई की मौत, बहन गंभीर

रायपुर। राजधानी रायपुर के पॉश इलाके में शुक्रवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। छत्तीसगढ़ क्लब के सामने एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने स्कूल जा रहे भाई-बहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसारए घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री निवास के पास सुबह करीब 7.50 बजे की है। मृतक की पहचान अंश आठवानी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। अंश अपनी बहन नमिसा को स्कूटर पर बैठाकर स्कूल जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित सरकारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ड्राइवर गाड़ी छोडक़र फरार
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर बीच सडक़ पर ही सरकारी गाड़ी छोडक़र मौके से फरार हो गया। घायल नमिसा को आनन-फानन में अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि सरकारी वाहन काफी तेज रफ्तार में था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us