भोपाल में न्यायिक दिग्गजों का जमावड़ा, आज से जुटेंगे देश भर के चीफ जस्टिस

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आज से देश की न्यायपालिका के सबसे बड़े विचार-मंथन का केंद्र बनने जा रही है। नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज हो रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत शामिल होंगे। सीजेआई के रूप में कार्यभार संभालने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा है, जिसे लेकर न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में उत्साह का माहौल है।
लंबे समय बाद भोपाल में इतने व्यापक स्तर पर न्यायिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ न्यायाधीश हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक सीजेआई की सुरक्षा और अगवानी के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
आम आदमी को केंद्र में रखकर होगा मंथन
सम्मेलन की मुख्य थीम एकीकृत, कुशल और जन केंद्रित न्यायपालिका रखी गई है। दो दिनों तक चलने वाले इस सत्र में विशेषज्ञ इस बात पर जोर देंगे कि न्याय व्यवस्था को आम नागरिक के लिए अधिक सरलए सस्ता और प्रभावी कैसे बनाया जाए। सीजेआई सूर्यकांत स्वयं देशभर के जजों को संबोधित करेंगे और न्याय वितरण प्रणाली में सुधार के लिए अपना विजन साझा करेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं से मिल सकते हैं सीजेआई
सम्मेलन के दौरान सीजेआई सूर्यकांत से भोपाल के कुछ वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मुलाकात की भी संभावना है। न्यायिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्तर का संवाद भारतीय न्यायपालिका की भविष्य की नीतियों को निर्धारित करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।



