मध्यप्रदेश

एमपी की बॉक्सर माही लामा का जलवा, बॉक्सिंग वल्र्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयन

भोपाल। मध्यप्रदेश की होनहार और युवा मुक्केबाज बॉक्सर माही लामा ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। माही का चयन आगामी बॉक्सिंग वल्र्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हो गया है। वह चीन में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की तरफ से चुनौती पेश करेंगी। इस बड़े टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम शनिवार रात को चीन के लिए रवाना भी हो चुकी है।
चीन में होने वाली यह वल्र्ड कप प्रतियोगिता 15 जून से 20 जून तक चलेगी। माही लामा भोपाल स्थित राज्य बॉक्सिंग अकादमी में रहकर ट्रेनिंग ले रही हैं। उन्होंने पिछले कुछ सालों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने दमदार खेल से सभी को प्रभावित किया है। अपनी लगातार कड़ी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन खेल के दम पर ही उन्होंने भारतीय टीम में यह खास जगह पक्की की है।
लक्ष्य सिर्फ एक, देश के लिए गोल्ड जीतना
भारतीय टीम में चुने जाने के बाद माही लामा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर कहा कि मेरा पूरा फोकस अब सिर्फ वल्र्ड कप पर है। मैं वहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। मेरा सपना है कि मैं देश के लिए पदक जीतकर भारत और मध्यप्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करूं।
युवा खिलाडिय़ों के लिए बनीं रोल मॉडल
माही की इस बड़ी कामयाबी को मध्यप्रदेश के खेल जगत और युवा खिलाडिय़ों के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि माही ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही ट्रेनिंग, कड़ी मेहनत और अनुशासन का साथ मिलेए तो कोई भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय आसमान छू सकता है।
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने दीं शुभकामनाएं
माही लामा की इस सफलता पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। खेल मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी आज हर खेल में देश का नाम आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि माही वल्र्ड कप में भी अपने शानदार पंच के दम पर भारत के लिए बड़ी सफलता हासिल करेंगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!