सीहोर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, रात भर चली कॉम्बिंग गश्त, 164 वारंटी सलाखों के पीछे

सीहोर। जिले में अपराधियों की कमर तोडऩे और कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से सीहोर पुलिस ने बीती रात एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में जिले भर में कॉम्बिंग गश्त की गई, जिसके परिणाम स्वरूप पुलिस ने 164 वारंटियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से जिले के बदमाशों में हडक़ंप मच गया है।
बता दें अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने न केवल इस अभियान की योजना बनाई, बल्कि स्वयं आधी रात को मैदान में उतरकर टीम का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कोतवाली और बिलकिसगंज थानों की टीमों को ब्रीफ कर सीधे दिशा-निर्देश दिए। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत ने मंडी और इछावर क्षेत्र में मोर्चा संभाला। वरिष्ठ अधिकारियों की इस सक्रियता ने टीम में जोश भर दिया, जिससे रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं दिया।
57 स्थायी वारंटी दबोचे
पुलिस की इस सघन कार्रवाई के दौरान कुल 164 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 57 स्थायी वारंटीरू जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। 107 गिरफ्तारी वारंटी, जिनके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी थे। इसके अलावा धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार एक मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, साथ ही 3 अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
137 बदमाशों के घर पहुंची पुलिस
अभियान के दौरान केवल वारंटी ही नहीं, बल्कि जिले के 137 चिह्नित गुंडे और निगरानी बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने उनके घरों पर दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जांच की। इस दौरान कोतवाली थाने ने सर्वाधिक 25 वारंटियों को पकडक़र उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा शाहगंज, इछावर, भैरूंदा, श्यामपुर और रेहटी थानों की भूमिका भी सराहनीय रही।
टीम को मिलेगा इनाम
इस महा-अभियान में जिले के 225 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया। एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने पूरी टीम की तत्परता और कार्यकुशलता को देखते हुए पूरी टीम के लिए पुरस्कार की घोषणा की है।
शांति व्यवस्था हमारी प्राथमिकता
जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति भविष्य में भी जारी रहेगी। कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं पाएगा।
दीपक कुमार शुक्ला, एसपी सीहोर



