पुलिस बुकप्रशासनमध्यप्रदेश

रुद्राक्ष महोत्सव: सुरक्षा और ट्रैफिक का महाप्लान तैयार, 12 फरवरी से बदलेगा हाईवे का रूट

सीहोर। जिला स्थित कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक में भोपाल, देवास और रेलवे के अधिकारियों के साथ मिलकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हाईवे पर यातायात का दबाव कम करने के लिए 12 फरवरी की सुबह 6 बजे से 21 फरवरी की सुबह 6 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
भारी वाहन: भोपाल से इंदौर जाने वाले भारी वाहन मुबारकपुर और तुमड़ा जोड़ से होकर श्यामपुर, ब्यावरा और शाजापुर के रास्ते निकलेंगे। इसी तरह इंदौर से भोपाल आने वाले भारी वाहनों को मक्सी और शाजापुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
छोटे वाहन: भोपाल से इंदौर जाने वाली कारें और सवारी वाहन सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी और अमलाहा होते हुए आष्टा की ओर जा सकेंगे।
श्रद्धालु: जो श्रद्धालु सीधे कुबेरेश्वर धाम आना चाहते हैं, उनके लिए हाईवे खुला रहेगा। वे सीधे धाम पहुंचकर निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम
बैठक में आईजी संजय तिवारी और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय किया। ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां पेयजल, रोशनी और शौचालय की व्यवस्था होगी। सुरक्षा के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और निरंतर घोषणा की व्यवस्था भी की गई है।
कुबेरेश्वर धाम का निरीक्षण
बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विठलेश सेवा समिति को निर्देश दिए गए कि भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कॉरिडोर और वॉच टावर तैयार किए जाएं। पूरे परिसर में एलईडी स्क्रीन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डायवर्जन पॉइंट्स पर क्रेन और मैकेनिक की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। इस अवसर पर डीआईजी राजेश सिंह चंदेल, एएसपी सुनीता रावत सहित भोपाल और देवास के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!
× Contact us