मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी…

भोपाल। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर एक बार फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। आगामी 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली महत्वपूर्ण सुनवाई से ठीक पहले मंत्री ने फेसबुक पर वीडियो जारी कर इसे अपनी वाणी की त्रुटि बताया है। उन्होंने हाथ जोडक़र कहा कि भविष्य में उनकी जुबान से ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।
विजय शाह ने अपनी सफाई में कहा कि उनका उद्देश्य किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या किसी वर्ग का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा वे शब्द निस्संदेह मेरी भावना के अनुरूप नहीं थे। वे शब्द देशभक्ति के उत्साह, उत्तेजना और आवेश में निकल गए थे। मेरी कोई दुर्भावना नहीं थी। मैं आज फिर अंतरूकरण से क्षमा याचना करता हूं। मंत्री ने इसे अपने लिए अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस घटना से उन्होंने आत्ममंथन किया है और बड़ा सबक लिया है।
क्या था पूरा मामला
विवाद की शुरुआत पिछले साल 11 मई को इंदौर महू के रायकुंडा गांव में हुई थी। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजय शाह ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने कर्नल सोफिया और आतंकियों को लेकर बेहद अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। उनके इस बयान के बाद देशभर में सेना के सम्मान और महिला गरिमा को लेकर कड़ा विरोध हुआ था, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुंचा।
कोर्ट की चौखट पर बदले सुर
अब जब 9 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर जवाब देने की बारी आई तो मंत्री ने कानून के साथ-साथ जनता की भावनाओं को शांत करने की कोशिश की है। उन्होंने नागरिकों और भारतीय सेना से क्षमा मांगते हुए अपील की है कि उनकी गलती के पीछे की भावना को देखा जाए, न कि केवल शब्दों को।



